लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत ने शिक्षक दिवस पर शिक्षिकाओं को किया सम्मानित
जमशेदपुर : शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत की ओर से साकची स्थित कार्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में विशेष पहल की गई और 10 महिला शिक्षिकाओं को शॉल, पुष्पगुच्छ, गिफ्ट और कलम भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि लायंस क्लब की महिला सशक्तिकरण की डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन लायन सारिका सिंह तथा विशिष्ट अतिथि जोन चेयरपर्सन एम.जे.एफ. लायन भरत सिंह थे। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई।
इस दौरान शिक्षिकाओं संजु कुमारी, उर्मिला शर्मा, सुष्मिता कुमारी, पूजा सिन्हा, बसंती देवी, सुनीता कुमारी सहित अन्य को सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि इसी दिन क्लब की अध्यक्ष लायन अंजुला सिंह का जन्मदिन भी था, जिससे समारोह और भी हर्षोल्लासपूर्ण हो गया।
सम्मानित शिक्षिकाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों में अनुशासन की कमी समाज और शिक्षा व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बच्चों को केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं बल्कि संस्कार और नैतिक मूल्यों से भी जोड़ा जाना चाहिए। शिक्षिकाओं ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखकर उन्हें सही दिशा दें, ताकि वे जिम्मेदार और अनुशासित नागरिक बन सकें।
मुख्य अतिथि लायन सारिका सिंह ने कहा कि शिक्षक सिर्फ ज्ञान ही नहीं देते बल्कि वे हमें जीवन मूल्यों और संस्कारों से भी जोड़ते हैं। समाज में शिक्षक का स्थान सर्वोच्च है और ऐसे अवसर हमें यह याद दिलाते हैं कि हमें हमेशा उनका सम्मान करना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि लायन भरत सिंह ने कहा कि एक अच्छा शिक्षक पूरी पीढ़ी को संवार सकता है। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। आज इन शिक्षकों को सम्मानित कर हम गर्व का अनुभव कर रहे हैं। साथ ही अध्यक्ष अंजुला सिंह का जन्मदिन इस आयोजन को और भी खास बना रहा है।
क्लब की अध्यक्ष लायन अंजुला सिंह ने कहा कि हमारे लिए यह गर्व का विषय है कि शिक्षक दिवस जैसे खास मौके पर हम समाज के पथप्रदर्शकों को सम्मानित कर सके। यह आयोजन मेरे जन्मदिन पर हुआ, इसलिए यह दिन मेरे लिए अविस्मरणीय बन गया।
समारोह में क्लब के उपाध्यक्ष मनोज सोनी, सचिव आयुष्मान सिंह, कोषाध्यक्ष सौरभ आनंद, राजेश सिंह, ज्योति सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव, सुधीर पांडे, करन गोराई, राजेश चावला, राहुल सिंह, आकाश रजक समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।
