पलामू टाइगर रिजर्व में शिकारी गिरोह का भंडाफोड़, 9 शिकारी गिरफ्तार, 13 फरार
8 बंदूक, 400 ग्राम बारूद और 14 ग्राम गंधक बरामद


लातेहार : लातेहार में वन विभाग की टीम ने पलामू टाइगर रिजर्व में बड़ी कामयाबी हासिल की। टीम पे नावागढ़ से सरफुदीन मियां, कानवाई से हरिचरण सिंह व अजित सिंह, कुई से तपेश्वर सिंह, रामसुंदर तुरी, झमन सिंह व कईल भुईयां तथा जूरुहार से रमन सिंह और पारसनाथ सिंह को गिरफ्तार किया है। वन विभाग ने आरोपियों से 8 भरठुवा बंदूक, 400 ग्राम बारूद और 14 ग्राम गंधक बरामद किया है।
शिकार के बाद मांस और खाल का करता था कारोबार
एक टाइगर ट्रैप, 15 फीट लंबे 2 फंदे, 5 शीशा व लोहे के टुकड़े, एक फरसा और वन्यजीवों की ट्रॉफी (हड्डी, खाल, दांत) भी जब्त की गई हैं। पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर कुमार आशीष और प्रजेश कांत जेना के अनुसार यह गिरोह बाघ, हिरण और जंगली सूअर का शिकार करता था। शिकार के बाद मांस, खाल और ट्रॉफी का कारोबार करता था।
13 फरार आरोपियों की तलाश जारी
18 अगस्त को पकड़े गए चार शिकारियों की निशानदेही पर 19 अगस्त को नावागढ़ से सरफुदीन मियां को बारूद-गंधक बेचते पकड़ा गया। 20 अगस्त की सुबह गारू थाना क्षेत्र के कुई गांव से तपेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया गया। तपेश्वर ने 10 साल पहले गारू के चंदवा चट्टान में बाघ का शिकार करना कबूल किया है। वन विभाग ने 13 फरार आरोपियों की तलाश कर रहा है। जंगल में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। छापेमारी में गारू व छिपादोहर पश्चिम के रेंजर, वनपाल, सहायक वनपाल और वनरक्षी शामिल थे।
