परसुडीह के कुर्मी टोला आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल में मिला युवक का शव
जमशेदपुर: परसुडीह थाना अंतर्गत सोपोडेरा स्थित कुर्मी टोला आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल में एक युवक का शव मिला। सुबह टलहने निकले कुछ लोगों ने शव को लावारिश हालत में देखा। मृतक की पहचान कुर्मी टोला निवासी नितेश रजक (22) के रूप में हुई है। जानकारी मिलने पर काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में अड्डेबाजी रोकने की मांग की।
मृतक के पिता राजू रजक ने बताया कि 6 माह पहले उनके पुत्र ने दादी के जेवर की चोरी की थी। इस कारण उसे घर से निकाल दिया गया था। वह इधर-उधर घूम कर अपना जीवन यापन कर रहा था। पिता के अनुसार नितेश के पास एक बाइक थी जो घटना के बाद से गायब है। हालांकि शव के पास उसका मोबाइल मिला है, जिससे संभवत: इस हत्या की गुत्थी सुलझ सकती है। आंगनबाड़ी स्कूल में नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है। इसकी शिकायत लगातार मुखिया के द्वारा पुलिस से की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
