रथयात्रा : जमशेदपुर में दिखा पुरी का नजारा, हजारों लोगों ने खींचे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा के रथ, चौतरफा उत्साह
जमशेदपुर : शुक्रवार 27 जून को जमशेदपुर शहर मे पुरी का नजारा दिखा. अवसर था भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा का. शहर में दर्जन भर स्थानों से निकाली गयी भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा के रथों को खींचने लाखों श्रद्धालु उमड़े.
पुरी के जगन्नाथ धाम में हर वर्ष आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि को रथयात्रा निकाली जाती है. उसी की तर्ज पर जमशेदपुर समेत देश के अनेक स्थानों व विदेश की धरती पर भी यह धार्मिक आयोजन पूरे भक्ति भाव व श्रद्धा-उत्साह के साथ किया जाता है. इस दौरान जय जगन्नाथ का उद्घोष होता है.
इस वर्ष भी ऐसा ही नजारा दिखा. बिष्टुपुर राममंदिर, साकची उत्कल एसोसिएशन, मानगो बड़ा हनुमान मंदिर, बाराद्वारा हिंद आश्रम, जुगसलाई रथ गली, परसूडीह राम मंदिर, बेल्डीह नागा मंदिर समेत कदमा-सोनारी से रथयात्रा का आयोजन किया गया.
सुबह से ही लोगों में इसे लेकर भारी उत्साह था. लोगों का मंदिरों में पहुंचना सुबह मे ही आरंभ हो गया था. रथयात्रा निकालने के पहले सबसे पहले विग्रहों की पूजा अर्चना की गयी. सोने के झाड़ू से रास्ते को साफ किया गया. इसके बाद भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा को उनके अलग-अलग रथों पर विराजमान कराया गया. फिर खास तौर पर सजाए गए रथ गाजे बाजे के साथ मौसी बाड़ी के लिए प्रस्थान किए जहां तीनों सात दिनों तक रहेंगे.
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति संगीत व भजन-कीर्तन संग स्वागत किया. कहीं फूलों की वर्षा की गई तो कहीं पर प्रसाद का वितरण किया गया.
