चाईबासा गैंगरेप के खिलाफ एआईएमएसएस का पुलिस मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
जमशेदपुर: विगत दिनों चाईबासा जिले मे एक युवती के साथ हुए गैंगरेप घटना के खिलाफ आल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन ने राज्य के तमाम जिलों मे प्रदर्शन करते हुए दोषियों पर कड़ी करवाई करने की मांग उठाई।
इसी कड़ी में संगठन ने जमशेदपुर पुलिस मुख्यालय पर भी प्रदर्शन किया।
महिला प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले मे महिलाओं का शोषण हो रहा है। इसपर क़ानून के रखवालों को नकेल कसने की जरुरत है।
उन्होंने कहा की नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री इसका मुख्य कारण है और इसपर पुलिस को नकेल कसने की आवश्यकता है तभी जाकर महिलाओं पर हो रहे शोषण पर रोक लग पाएगी।
उल्लेखनीय है कि चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में टेकराहातु के पास स्थित एयरोड्रम के पास एक आदिवासी लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
पीड़ित लड़की सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और चाईबासा में रहकर वर्क फ्रॉम होम कर रही है।

घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की है।
बताया गया है कि पीड़िता झींकपानी थाना के एक गांव की है।
वह चाईबासा के अपने दोस्त के साथ गुरुवार शाम स्कूटी से घूमने के लिए टेकरा हातु हवाई पट्टी गई थी, जहां 8-10 युवकों ने दोस्त को डरा धमका कर भगा दिया और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
रात को इसकी सूचना जब पुलिस को मिली तो सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खलको तथा मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन पाठक दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश में लग गये।
इस मामले में पुलिस संदेह के तौर पर आसपास के गांव से कुछ युवकों को उठाकर थाना ले गई, जहां सभी से पूछताछ की गयी।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि शक के आधार पर कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।

