जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले की कदमा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि वादी मो. रियाज द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत पर आधारित है।
शिकायत में सात अभियुक्तों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया गया था। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर शाम तक दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सादाब खान उर्फ बिल्ली और शुभम कुमार शामिल हैं।
दोनों के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक देशी पिस्टल भी बरामद किया है.।पुलिस के अनुसार यह घटना आपसी विवाद का परिणाम था, जिसमें दोनों गिरफ्तार अभियुक्त सक्रिय रूप से शामिल थे।
सिटी एसपी ने बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
