एक्शन में बिहार पुलिस : सिवान में भाजपा नेता के भतीजे के हत्यारे को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, पैरों में लगी गोली
सिवान : बिहार के सिवान में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी छोटू यादव को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया है और उसे इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
भाजपा नेता और पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के भतीजे हर्ष कुमार सिंह की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर पकड़ लिया।
गुरुवार सुबह पुलिस और आरोपी के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हुई, जिसमें छोटू कुमार यादव के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर पहले स्थानीय स्तर पर इलाज दिया गया, इसके बाद बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि घटना की शुरुआत एक मामूली सड़क विवाद से हुई थी। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास चंदन सिंह अपने बेटे हर्ष के साथ तिलक समारोह में जाने के लिए खड़े थे। इसी दौरान एक कार की हल्की टक्कर को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में हर्ष कुमार सिंह को तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद सिवान पुलिस हरकत में आई और एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी छोटू यादव फायरिंग करते हुए साफ दिखाई दिया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान कर हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव में दबिश दी गई और उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए एक स्थान पर ले जाया गया, जहां उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। आरोपी ने करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान दो गोलियां आरोपी के घुटनों में लगीं और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत काबू में कर लिया और मौके से हथियार भी बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छोटू यादव एक पेशेवर अपराधी है और हाल ही में छपरा जेल से जमानत पर बाहर आया था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बारिश के बीच आरोपी को खुलेआम फायरिंग करते देखा जा सकता है।
