गोइलकेरा मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी नक्सली इजराइल पूर्ति ढेर, सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। संगाजटा सासंग साल गांव निवासी कुख्यात नक्सली इजराइल पूर्ति मुठभेड़ में मारा गया। वह लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि इलाके में नक्सलियों की गतिविधि बढ़ी हुई है। इसके बाद अभियान चलाते हुए जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी दौरान नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों ओर से जमकर फायरिंग हुई और इजराइल पूर्ति मारा गया।
बताया जा रहा है कि इजराइल पूर्ति कई नक्सली घटनाओं में शामिल था और सुरक्षा एजेंसियों की हिट लिस्ट में शामिल था। उसके मारे जाने से नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
मुठभेड़ स्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की भी सूचना है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है, ताकि अन्य नक्सलियों को भी पकड़ा जा सके।
सुरक्षा एजेंसियां इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि मान रही हैं।
