जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने कहा- श्यामा प्रसाद उच्च विद्यालय व कदमा एडीएल उच्च विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति में धांधली की जांच कराए प्रशासन
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह स्थित श्यामा प्रसाद उच्च विद्यालय और कदमा के ए.डी.एल. उच्च विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला प्रकाश में आया है। दोनों ही विद्यालय अल्पसंख्यक संस्थानों की श्रेणी में आते हैं, जहां नियुक्ति में सरकारी नियमों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने इस पूरे मामले को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान में लाते हुए ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार अपने पद का दुरुपयोग करते हुए विद्यालय प्रबंधन के साथ मिलीभगत कर मनमाने तरीके से शिक्षकों की नियुक्ति कर रहे हैं। इसके लिए अवैध रूप से मोटी रकम लेने की भी शिकायत सामने आई है।
मामले में श्यामा प्रसाद उच्च विद्यालय की शिक्षिका रेनू चौधरी का जिक्र करते हुए कहा गया है कि वे करीब दस वर्षों से कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें शारीरिक, आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर हटाने की कोशिश की जा रही है, ताकि उनकी जगह किसी अन्य की नियुक्ति की जा सके।
बारी मुर्मू ने यह भी बताया कि कदमा स्थित ए.डी.एल. उच्च विद्यालय में पहले भी इस तरह की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उस समय तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन आरोप है कि मामले को दबा दिया गया।
इस संबंध में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को भी अवगत कराया गया है, हालांकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिला परिषद अध्यक्ष ने संबंधित दस्तावेज सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई है।
