आदित्यपुर श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप दो गुटों में हिंसक झड़प, 22 वर्षीय युवक को लगी गोली
आदित्यपुर: पुलिस की सख्ती के बाद भी अपराध का ग्राफ घटने का नाम नहीं ले रहा है। थाना क्षेत्र के सालडीह बस्ती स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के समीप सोमवार देर रात दो गुटों के बीच हिंसक झड़प के बाद फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई.
सूत्रों के अनुसार फायरिंग में 22 वर्षीय राजवीर सिंह को गोली लगी है. घायल युवक का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक अपराधकर्मी संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार पर फायरिंग करने का आरोप है. बताया जा रहा है कि आशीष को निशाना बनाकर चलाई गई गोली राजवीर को जा लगी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.
