पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम में गाय चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भेजा जेल, एक बरामद
पटमदा : बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत 4 जनवरी की रात को चोरों के एक गिरोह ने मिर्जाडीह गांव से रात करीब 2 बजे जनार्दन घोष के घर से 2 गायों की चोरी कर ली गई थी। जबकि बोड़ाम बाजार निवासी साधुचरण महतो के घर से 2 जनवरी की रात करीब 1 बजे बछड़ा समेत गाय की चोरी कर ली गई थी। इस मामले में बोड़ाम पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज करने के पश्चात छानबीन करते हुए चोर गिरोह का पता लगा लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने बुधवार को चांडिल थाना अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र के ताजनगर निवासी अब्दुल कादिर को गिरफ्तार कर गुरुवार को प्रेस के सामने प्रस्तुत करते हुए मामले का खुलासा भी कर दिया है। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने एक टाटा इंडिगो कार (जेएच 05 एएल 6613) भी जब्त किया है जिसका उपयोग गायों के परिवहन में किया गया था। मिर्जाडीह से चोरी गई एक गाय को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। जबकि दो गायों एवं एक बछड़े को पुलिस बरामद नहीं कर सकी है।
बताते हैं कि इसमें कुल 4 से 5 लोगों का गिरोह है जो रात के अंधेरे में मवेशियों की चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। इस संबंध में मिर्जाडीह निवासी पीड़ित पशुपालक जनार्दन घोष ने बताया कि 4 जनवरी को रात करीब 3 बजे जब एक गाड़ी की आवाज सुनाई दी तो वह बिस्तर से उठकर बाहर निकले तब तक देखा कि गाड़ी दूर जा चुकी थी। गोहाल घर में घुसने पर देखा कि दोनों गायें गायब है और बछड़े बिन मां के बंधे हुए हैं। चोरों ने गाय के गले में बंधा घंटी को खोलकर छोड़ दिया है ताकि आवाज नहीं हो और उन्हें पता नहीं चल सके।
गाय को जिस रस्सी से बांधा गया था उसे खोलकर चोरों ने गाय को लेकर फरार हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी आजीविका का मुख्य सहारा थीं दोनों गायें जिसकी चोरी किए जाने के बाद से परिवार में भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
