दलमा में अब तितली गार्डन का आनंद ले सकेंगे पर्यटक, दलमा बुरु हाट का भी उद्घाटन
जमशेदपुर : दलमा में रविवार को पर्यटकों के लिए एक नई सौगात मिली। यहां तितली गार्डन का शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही दलमा बुरु हाट को भी औपचारिक रूप से शुरू किया गया। दोनों परियोजनाओं का उद्घाटन वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने किया।
इस अवसर पर मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) वाइल्डलाइफ एस.आर. नटेश, दलमा के डीएफओ सबा आलम अंसारी सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने तितली गार्डन में विभिन्न प्रजातियों की तितलियों को छोड़ा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
यह तितली गार्डन न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि तितलियों के संरक्षण और अध्ययन में भी सहायक होगा। उम्मीद है कि इससे प्रकृति प्रेमियों और विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा। उद्घाटन के साथ ही तितली गार्डन पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। वहीं, अधिकारियों ने दलमा बुरु हाट में दुकानों का निरीक्षण भी किया।
