बंदगांव : पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड के लांडुपोदा पंचायत के खैरुडीह गांव में बुधवार सुबह आग लगने से दो किसानों के धान की फसल जल कर खाक हो गया। फसल की कीमत करीब तीन लाख बतायी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक खैरूडीह गांव के चतुरभूज महतो और गांधी महतो ने अपने खेत से करीब बीस बैलगाड़ी धान की फसल काट कर खलिहान में तैयार करने के लिए रखा था।
बुधवार सुबह अचानक खलिहान में रखी फसल में आग लग गई, जिससे फसल जल कर स्वाहा हो गया। सूचना मिलते ही विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई, समाजसेवी जातेन महतो, बीस सूत्री सदस्य शिव शंकर महतो, झामुमो किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री गोप, अनिल महतो, ललितो महतो सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन असमाजिक तत्वों द्वारा आग लगाने की बात कही जा रही है। वहीं विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई ने इसकी जानकारी बंदगांव सीओ भिषम कुमार को दी और क्षतिग्रस्त किसान को मुआबजा देने की मांग की है।
