TERROR OF BULLS : मानगो के बाद अब बागुननगर में भी सांड़ का आतंक, हमले में शिक्षिका की कलाई टूटी
जमशेदपुर : जमशेदपुर में मानगो क्षेत्र के बाद रविवार को भी सांड़ का आतंक दिखा। बागुननगर में सांड़ के हमले में एक शिक्षिका की कलाई टूट गई। अंग्रेजी माध्यम के स्कूल की शिक्षिका धीरज कौर अपने वकील पति कुलबिंदर सिंह के साथ स्कूटी पर बागुननगर से गुजर रही थी। इसी दौरान ब्राह्मणी रोड बागुननगर में दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। अधिवक्ता ने स्कूटी किनारे कर दी। लड़ते हुए सांड में से एक आगे बढ़ा और उसने अधिवक्ता पर हमला कर दिया। अधिवक्ता के बांह में चोट लगी। फिर पीछे बैठी पत्नी के सीने में सींग लगा और वह गिर पड़ी। हमलावर सांड सड़क पर गिरी शिक्षिका की ओर बढ़ा, परंतु वहां उपस्थित युवक ने बगल में रखे बांस से पीटा तो वह पीछे हट गया।
घटना के बाद शिक्षिका को टीएमएच में भर्ती कराया गया है, जहां एक्सरे में कलाई टूटी हुई पाई गई।
हाल के दिनों में लगातार आवारा सांड का आतंक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। हमले में मानगो में दो लोगों की जान जा चुकी है और दर्जन भर घायल हुए हैं। अब नया मामला बागुननगर का सामने आया है। बहरहाल प्रशासन की ओर से अावार पशुओं को लेकर गंभीरता नहीं बरती गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और खतरनाक हो सकती है।
