कोल्हान के लाल समीर मुर्मू का कमाल, जमशेदपुर एफसी से फिर जुड़े
जमशेदपुर: झारखंड की फुटबॉल प्रतिभा को एक और बड़ी पहचान मिली है। कोल्हान क्षेत्र के उभरते मिडफील्डर समीर मुर्मू ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम जमशेदपुर एफसी के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट को आगे बढ़ा दिया है।
पिछले सीजन में शानदार पदार्पण करने वाले समीर अब टीम के भविष्य की योजनाओं का अहम हिस्सा बन चुके हैं।
घाटशिला के निकट भागाबंद गांव निवासी 24 वर्षीय समीर ने 2023-24 संतोष ट्रॉफी में झारखंड की ओर से खेलते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया था।
उन्होंने 13 मुकाबलों में 10 गोल दागे और ‘प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाजे गए।
उनकी इसी शानदार फॉर्म को देखते हुए जमशेदपुर एफसी ने उन्हें सीज़न के दौरान अपनी सीनियर टीम में मौका दिया।
समीर ने कहा कि bजमशेदपुर एफसी के लिए खेलना मेरे लिए सिर्फ एक सपना नहीं, गर्व की बात है। यह मेरा घर है, मेरा राज्य है, और हर बार जब मैं क्लब की जर्सी पहनता हूं, तो खुद को सौभाग्यशाली महसूस करता हूं। मेरा लक्ष्य है कि हर सत्र में बेहतर करूं और झारखंड के लोगों को मुझ पर गर्व हो।
टीम के मुख्य कोच स्टीवन डायस ने भी समीर की तारीफ करते हुए कहा कि वह एक मेहनती और प्रतिबद्ध खिलाड़ी हैं। उनमें सीखने की ललक है और वे हर सत्र में कुछ नया लेकर आते हैं।
गौरतलब है कि समीर मिडफील्ड के साथ-साथ विंग पर भी खेल सकते हैं और उनकी गति व रणनीतिक समझ उन्हें एक बहुप्रयोज्य खिलाड़ी बनाती है।
क्लब प्रबंधन का मानना है कि समीर जैसे स्थानीय खिलाड़ी टीम की आत्मा हैं और वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा भी हैं।
जमशेदपुर एफसी का आगामी आईएसएल अभियान 26 अक्टूबर से एफसी गोवा के खिलाफ शुरू होगा।
इसके बाद टीम 29 अक्टूबर को नॉर्थ ईस्ट यूनाइटेड एफसी और 1 नवंबर को इंटर काशी से भिड़ेगी।
