सरायकेला जिले के कपाली साततल्ला मैदान से कुख्यात अपराधी लोडेड पिस्तौल समेत गिरफ्तार
गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर एक अन्य लोडेड कट्टा और दो जिंदा गोली भी बरामद
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने कुख्यात अपराधी साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कपाली और आजादनगर का कुख्यात अपराधी साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद साततल्ला मैदान में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के बाद चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साततल्ला मैदान में छापेमारी की और अपराधी मो० साजिद अंसारी उर्फ छोटा साजिद को एक लोडेड पिस्टल के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर एक अन्य लोडेड देशी कट्टा और दो जिंदा गोली भी बरामद की गई है। इसके अलावा, एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। उन्होंने बताया कि साजिद अंसारी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, लूट, और अवैध हथियार रखने जैसे अपराध शामिल हैं।
गिरफ्तार अपराधी के विरुद्ध चांडिल और आजादनगर थाना में दर्ज मामलों की संख्या पांच बताई गई है। इन मामलों में वर्ष 2014 से लेकर 2024 तक दर्ज कई प्राथमिकी शामिल हैं। एसपी ने कहा कि साजिद की गिरफ़्तारी से कपाली क्षेत्र में अपराध में कमी आएगी। उन्होंने पुलिस के लिए बड़ी सफलता बताया है।
