साकची में चेन स्नैचिंग मामले में दो अपराधी गिरफ्तार, सोना खरीदने वाला भी गया जेल
जमशेदपुर: शहर के साकची थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग मामले में पुलिस ने छापेमारी कर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है तथा उनके पास से छिनी गई सोने की चेन और काले रंग की बुलेट बाइक बरामद की है।
इसकी जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि बीते 15 सितंबर को वादिनी स्वर्णली कुमारी ने आरोप लगाया था कि काले रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक उसके गले से सोने की चेन झपटकर भाग गए। मामला दर्ज किया गया था। अनुसंधान के क्रम में पुलिस उप निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने गुप्त सूचना के आधार पर पारडीह मानगो क्षेत्र में छापेमारी की। छापेमारी में शाहबाज शेख उर्फ शाबू (23 वर्ष) और साजिद शेख उर्फ अमान बिल्ला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने 16.07.2025 को बाराद्वारी दत्ता डेकोरेटर के पास चैन स्नैचिंग की थी और बाद में छिनी हुई चैन को वसीम अकरम उर्फ चंदू को 11 हजार रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने निशानदेही पर छापेमारी कर सोने की चेन और बुलेट बाइक बरामद की। पुलिस के अनुसार शाहबाज और साजिद दोनों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। शाहबाज पर बर्मामाइन्स और आजादनगर थानों में लूट के केस दर्ज हैं, जबकि साजिद पर बर्मामाइन्स, साकची और मानगो थानों में लूट के कई मामले दर्ज हैं। इस मामले में कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है चेन खरीदने वाला आरोपी को भी गिरफ्तार करके पुलिस ने जेल भेजा।
