ईचागढ़ के कुकड़ू हाटतोला मैदान में भव्य गणेश पूजा समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब
चांडिल : श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा समिति सोलोआना कुकड़ू की ओर से ईचागढ़ के कुकड़ू हाटतोला मैदान में गणेश पूजा के शुभ अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम बुधवार की देर रात पूरे क्षेत्र का आकर्षण बना रहा।
कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने माहौल को उल्लासमय बना दिया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने फीता काटकर किया। उन्होंने भगवान गणेश की प्रतिमा पर पूजा-अर्चना की और उपस्थित जनसमूह के मंगल की कामना की।
इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में ईचागढ़ विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी रहे आजसू नेता हरेलाल महतो, भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडेय, आजसू केंद्रीय सचिव सह पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, आजसू के जिला उपाध्यक्ष वसंत पोद्दार, आजसू ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंगुर महतो, भाजपा सोनारी मंडल के अध्यक्ष प्रशांत कुमार पोद्दार सहित कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद थीं।
प्रख्यात कलाकार कुंदन कुमार के रंगारंग कार्यक्रम ने मंच पर अपनी कला से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में लोगों ने देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुति का आनंद लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में डॉ. जटाशंकर पांडेय ने कहा कि गणेश पूजा का भव्य आयोजन अब केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी श्रद्धा, आस्था और हिंदुत्व का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हम मूलवासीगण खुले दिल से स्वीकार करते हैं कि हम हिंदू थे, हिंदू हैं और हिंदू रहेंगे।”
इस मौके पर वक्ताओं ने आयोजन समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद इस तरह का भव्य आयोजन वास्तव में प्रशंसनीय है। ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊर्जा मिलती है। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु एवं ग्रामीण उत्साहपूर्वक शामिल रहे और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
