बिष्टुपुर बाजार की दुकान भारत साइकिल कंपनी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के बाजार में सोमवार को भारत साइकिल कंपनी नामक दुकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। चंद मिनटों में देखते ही देखते दुकान के अंदर धुआं और आग फैलने लगी।
घटना की सूचना टाटा स्टील फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर टाटा स्टील की तीन अग्निशमन गाड़ियां पहुंचीं और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
आग लगने की घटना के बाद बाजार क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग से दुकान में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है। वहीं आग लगने के सही कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
