बिष्टुपुर में जांच के दौरान गिरी महिला, ले जाया गया अस्पताल, ट्रैफिक प्रभारी ने मामले की जांच कर दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई का दिया आश्वासन
जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना अंतर्गत साई मंदिर के समीप ट्रैफिक जांच के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब एक दंपति पुलिस की कथित अमानवीय व्यवहार का शिकार हो गया।
घटना में स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि आदित्यपुर निवासी दंपति स्कूटी से सोनारी जा रहे थे।
इसी दौरान ट्रैफिक जांच में तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें जबरन रोक लिया। आरोप है कि स्कूटी चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। वहीं दंपति का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने धक्का दिया, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और महिला को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद राहगीर आक्रोशित हो गए और मौके पर हंगामा शुरू हो गया।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर ट्रैफिक प्रभारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। ट्रैफिक प्रभारी ने पूरे मामले की जांच कर दोषी पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच भारी आक्रोश देखा गया।
