जमशेदपुर : विद्यादीप फाउंडेशन द्वारा जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2025 का आयोजन 20 व 21 दिसंबर को बिस्टुपुर में किया जाएगा। प्रेस वार्ता में संयोजक संदीप मुरारका ने बताया कि यह आयोजन साहित्य, कला और विचारों का संगम होगा, जिसमें देश-विदेश के लेखक, पत्रकार, कलाकार, प्रशासक और पद्मश्री सम्मानित हस्तियां भाग लेंगी।
फेस्टिवल में चर्चाएं, कार्यशालाएं, बुक फेयर, सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। फिल्म जगत से पंकज झा, राजेश जैस और निर्देशक अभिषेक चौबे शिरकत करेंगे। कला जगत से मनीष पुष्कले, पद्मश्री भज्जू श्याम सहित कई प्रसिद्ध कलाकार मौजूद रहेंगे।
20 दिसंबर को गायक राहगीर और 21 दिसंबर को पद्मश्री गुलाबो सपेरा का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। 20 दिसंबर को राज्यसभा उपसभापति हरिवंश का विशेष व्याख्यान भी आयोजित होगा।
इसके अलावा पत्रकारिता, पर्यावरण, जनजातीय अधिकार, डिजिटल साहित्य और शिक्षा से जुड़े सत्र होंगे। स्थानीय साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा, बुक फेयर लगेगा और विभिन्न कार्यशालाएं होंगी।
आयोजकों के अनुसार यह केवल साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक आंदोलन है, जो जमशेदपुर को विचार और कला के मंच पर नई पहचान देगा।
