आई लव मोहम्मद बैनर विवाद की चिंगारी जमशेदपुर तक पहुँची; बिष्टुपुर में मुस्लिम युवाओं ने जुलूस निकाला
कानपुर रावतपुर घटना के विरोध में हाथों में पोस्टर लेकर किया प्रदर्शन, आयोजकों ने मामले को सांकेतिक बताया
जमशेदपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर रावतपुर में लगे विवादित “I Love Muhammad” बैनर को लेकर पैदा हुई नाराजगी अब जमशेदपुर तक पहुँच गई। शुक्रवार को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धतकीडीह में मुस्लिम युवाओं ने हाथों में I Love Muhammad के पोस्टर लेकर जुलूस निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। जुलूस पूरे धतकीडीह में भ्रमण कर समाप्त हुआ।
आयोजकों ने बताया कि यह जुलूस सांकेतिक था, साथ ही यह भी कहा कि आवश्यक हुआ तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन होगा।
यह विवाद उस घटना से जुड़ा है, जब 4 सितंबर को कानपुर के रावतपुर स्थित सैय्यद नगर में रामनवमी शोभायात्रा के मार्ग पर एक स्थान पर I Love Muhammad का बोर्ड लगाये जाने को लेकर हंगामा और विरोध हुआ था।
उस समय एसीपी रंजीत कुमार ने समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास किया था। विवाद के बाद संबंधित स्थान से बोर्ड हटा दिया गया और रावतपुर थाने में बिना अनुमति गेट बनाने तथा अन्य धाराओं में दर्जनों लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था। वहीं से यह मामला अन्य शहरों में भी फैल गया।
जमशेदपुर में निकाले गए जुलूस के बाद इलाके में शांति बहाल रही।
