रथ यात्रा में डांस करने को लेकर हुए विवाद में आशीष को मारी थी गोली : एसएसपी
जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के एलबीएसएम रोड स्थित साई मंदिर के पास बीते 11 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे 22 वर्षीय आशीष कुमार भगत को गोली मारकर जख्मी करने वाले पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालंकि ईलाज के क्रम में आशीष की कोलकाता में बीती रात मौत हो गई। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल यादव उर्फ छोटु (21 वर्ष), रंजन कुमार सिंह (37 वर्ष), विजय शंकर सिंह उर्फ बाबु टेपर (26 वर्ष), सुरज कुमार दास उर्फ बुढ़ा (22 वर्ष) और शुभम कुमार उर्फ कल्लु (19 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी बागबेड़ा थाना क्षेत्र के किताडीह ग्वालापट्टी साई मंदिर के आसपास के निवासी हैं। एसएसपी ने बताया कि 9 को निकली साइ रथ यात्रा में डांस करने को लेकर विवाद हुआ था इसी के बदला लेने के लिए गोली मारी गई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये आरोपी नागाडीह फुटबॉल मैदान के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे और इसके बाद बिहार भागने वाले थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक देशी कट्टा और 8 एमएम की दो जिंदा गोली बरामद की है।एसएसपी के निर्देश पर गठित छापेमारी दल में थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव, जेवियर होरो, संतोष कुमार, सुनील कुमार यादव और बैजनाथ यादव शामिल थे। सभी आरोपियों के खिलाफ बागबेड़ा थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। इनमें से कुछ का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। पुलिस पूछताछ कर रही है।
