जमशेदपुर: औद्योगिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए इंडो-डेनिश टूल रूम (आईडीटीआर), जमशेदपुर में स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड, नोएडा द्वारा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया।
इस भर्ती अभियान में संस्थान के टूल एंड डाई मेकिंग तथा मेकाट्रॉनिक्स ट्रेड के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
भर्ती प्रक्रिया को दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में अभ्यर्थियों की तकनीकी समझ, तार्किक क्षमता और योग्यता का आकलन करने के लिए एप्टीट्यूड टेस्ट लिया गया।
इसके बाद सफल उम्मीदवारों को दूसरे चरण के तहत फेस-टू-फेस इंटरव्यू के लिए बुलाया गया, जहां उनकी तकनीकी जानकारी, व्यवहारिक कौशल और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप क्षमता का मूल्यांकन किया गया।
दोनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 50 छात्र-छात्राओं का स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन लिमिटेड में चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों की सफलता से संस्थान में खुशी का माहौल है।
यह उपलब्धि न केवल छात्रों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि आईडीटीआर द्वारा दिए जा रहे गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण की भी पुष्टि करती है।
इस अवसर पर संस्थान के महाप्रबंधक रवीन्द्र कुमार ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में रोजगार प्राप्त करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योग और प्रशिक्षण संस्थानों के बीच इस तरह का सहयोग युवाओं के तकनीकी कौशल को सही दिशा देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने चयनित सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कैंपस ड्राइव के सफल आयोजन के लिए स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन की एचआर एवं टेक्निकल टीम का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान आईडीटीआर के एडमिन अंजन कुंडु, प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख राम बाबू वर्मा, एडमिन एसोसिएट्स एवं मीडिया प्रभारी पंकज कुमार सहित संस्थान के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।