July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
ताज़ा खबर
जमशेदपुर

कदमा शास्त्रीनगर में पेयजल संकट पर सक्रिय हुए सरयू राय, यूआईएसीएल ने भेजा पानी का टैंकर

कदमा शास्त्रीनगर में पेयजल संकट पर सक्रिय हुए सरयू राय, यूआईएसीएल ने भेजा पानी का टैंकर

प्रतिनिधिमंडल यूआईएसीएल के चीफ मैनेजर से मिला, चार-पांच दिनों के लिए उपलब्ध रहेगा टैंकर

जमशेदपुर। कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-4 स्थित रोड नंबर-3 में पिछले पांच दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों को राहत दिलाने के लिए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy के निर्देश पर यूआईएसीएल ने अगले चार-पांच दिनों तक पानी का टैंकर उपलब्ध कराया है। स्थानीय लोगों ने पेयजल समस्या से परेशान होकर विधायक को फोन कर शिकायत की थी, जिसके बाद उन्होंने अपने जनसुविधा प्रतिनिधि को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।

मंगलवार को नीरज सिंह, भीम सिंह और अमरेंद्र मल्लिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल यूआईएसीएल के वाटर डिवीजन के मुख्य प्रबंधक राजीव कुमार से मिला और इलाके की गंभीर पेयजल समस्या से अवगत कराया। शिकायत मिलते ही राजीव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर समस्या की जांच कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारणों का तत्काल पता लगाया जाए। यदि स्लो प्रेशर की वजह से समस्या हो रही है तो क्षेत्र में अलग से पाइपलाइन बिछाकर जल्द समाधान किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि जब तक समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो जाती, तब तक इलाके में नियमित रूप से पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद तत्काल टैंकर भेजा गया और पाइपलाइन सुधार कार्य भी शुरू करा दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कदमा के टैंक रोड, बंधु पथ और साईं कॉलोनी में करीब 15 दिन पहले नई पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। इस पर मुख्य प्रबंधक ने तत्काल सड़क मरम्मत कराने का आदेश देते हुए दो दिनों के भीतर कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में केपी सिंह, डिपल बिस्वास, माधव सिंह, धानू सिंह, राहुल तिवारी, दिनेश त्रिपाठी, रवींद्र राय, मुकेश सिंह, विनोद शर्मा, रॉबर्ट फ्रांसिस और प्रदीप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading