सुंदरनगर मंडल भाजपा जल संकट व बिजली कटौती को लेकर 7 मई को करेगा उपायुक्त कार्यालय घेराव
जमशेदपुर : भाजपा सुंदरनगर मंडल जल संकट को लेकर आगामी 7 मई को उपायुक्त कार्यालय का घेराव करेगा। आंदोलन को लेकर परसुडीह स्थित लोकनाथ भवन में भाजपा सुंदरनगर मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला भाजपा नेता एवं मंडल प्रभारी सुबोध झा ने प्रदेश नेतृत्व द्वारा घोषित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने जल संकट और बिजली कटौती के मुद्दे पर 7 मई को उपायुक्त कार्यालय घेराव को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से सुबह 10 बजे जिला कार्यालय पहुंचने की अपील की।
सुबोध झा ने आरोप लगाया कि बागबेड़ा और छोटा गोविंदपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है, जिसके कारण करीब 2.25 लाख लोग पिछले 11 वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और वर्ल्ड बैंक की करोड़ों की राशि का दुरुपयोग हुआ है। साथ ही मंडल अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पानी और बिजली की समस्याओं की विस्तृत सूची जिला भाजपा को सौंपने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार ने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में शुरू हुई बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना आज तक अधूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक यह योजना धरातल पर नहीं उतरती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हजारों की संख्या में घेराव में शामिल होने का आह्वान किया।
भाजपा नेत्री मीरा मुंडा ने कहा कि पार्टी लंबे समय से इस मुद्दे पर संघर्ष कर रही है और इस बार योजना को पूरा कराकर ही दम लिया जाएगा। वहीं जिला महामंत्री जितेंद्र राय, जिला उपाध्यक्ष रूबी झा, जिला मंत्री तन्मय झा सहित अन्य नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा ने बैठक में आए नए पदाधिकारियों का अंगवस्त्र और मिठाई देकर स्वागत किया तथा सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में भाग लेने का आग्रह किया। बैठक का संचालन युवा मोर्चा प्रदेश कार्यालय मंत्री प्रदीप मुखर्जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मंडल महामंत्री ईश्वर सोरेन ने दिया।
इस बैठक में संजीत चौरसिया, सोमनाथ चक्रवर्ती, भारती देवी, अनीता सिंह, सरिता टुडू, संतोष प्रजापति सहित मंडल के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
