बहरागोड़ा: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरागोड़ा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बांसदा क्षेत्र के धोलाबेड़ा गांव में स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी कर विभिन्न नामी ब्रांडों की 233 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की।
पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम सूचना मिलने के बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धोलाबेड़ा गांव में इंद्रदेव साव की किराना दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
मामले को लेकर बहरागोड़ा थाना में कांड संख्या 54/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।