जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के इंचड़ा गांव में बुधवार देर शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजेश भगत के रूप में हुई है। वह पेशे से चालक बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, राजेश बुधवार शाम अपने एक साथी के घर गया था। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान उसने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। कुछ देर बाद उसका साथी घर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल जादूगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को कब्जे में लेकर यूसील जादूगोड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को यूसील अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, युवक ने आत्महत्या क्यों की, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना को लेकर अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।