September 11, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

घाटशिला सड़क हादसा: बेटी के बाद घायल पिता की भी मौत, एक परिवार में दो मौतों से मचा कोहराम

घाटशिला सड़क हादसा: बेटी के बाद घायल पिता की भी मौत, एक परिवार में दो मौतों से मचा कोहराम

बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर से बंगाल जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

घाटशिला: घाटशिला थाना क्षेत्र के अमाइनगर पुलिया पर 2 सितंबर की रात हुए सड़क हादसे में घायल पांच वर्षीय बच्ची की मौत के बाद अब उसके पिता ने भी दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुब्रतो सिन्हा के रूप में हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे में अब तक एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान जा चुकी है।

तेज रफ्तार कार ने पुलिया पर खड़े लोगों को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, सुब्रतो सिन्हा अपने परिवार के साथ अमाइनगर पुलिया पर सुवर्णरेखा नदी का बढ़ा जलस्तर देखने गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार संख्या जेएच05डीके-0236 ने पुलिया पर खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में सुब्रतो सिन्हा, उनकी पत्नी सुष्मिता सिन्हा, पांच वर्षीय बेटी श्रेया कृष्णा सिन्हा और दो वर्षीय चांद सिन्हा घायल हो गए थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुष्मिता सिन्हा पुलिया से नीचे सुवर्णरेखा नदी में जा गिरीं।

स्थानीय लोगों ने करीब चार घंटे तक तलाश करने के बाद उन्हें हरिणधुकड़ी के चिड़िका घाट के पास नदी से जीवित बाहर निकाला। बाद में उनका ऑपरेशन भी किया गया।

इलाज के दौरान बेटी की पहले हुई थी मौत

हादसे में घायल पांच वर्षीय श्रेया कृष्णा सिन्हा की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उसका अंतिम संस्कार 7 सितंबर को किया गया था। बेटी की मौत के दो दिन बाद उसके पिता सुब्रतो सिन्हा ने भी दम तोड़ दिया।

सुब्रतो को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज जमशेदपुर के एमजीएम और टीएमएच अस्पताल में चल रहा है।

अस्पताल में जुटे ग्रामीण, परिवार में आक्रोश

सुब्रतो सिन्हा की मौत की सूचना मिलते ही बुधवार शाम घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से लोगों में आक्रोश और गहरा दुख है।

सुब्रतो के छोटे भाई सुदीप्तो सिन्हा ने भावुक होकर कहा, “हमारा पूरा परिवार उजड़ गया है। इस समय कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं।”

अस्पताल परिसर में परिजनों के साथ सुमन सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि सुखलाल हांसदा, अंपा हेंब्रम, श्याम सुंदर बारिक, उत्तम दास, राम पात्रो, संजीव नायक, कलीराम शर्मा, सुभो चटर्जी और आशीष रॉय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

मुख्य आरोपी फरार, पुलिस कर रही छापेमारी

घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा ने बताया कि सड़क हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

  • टाउन पोस्ट एक स्वतंत्र और विश्वसनीय समाचार पोर्टल है, जो पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading