जमशेदपुर: पंजाब के गुरदासपुर में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की जांच का दायरा अब जमशेदपुर तक पहुंच गया है। फरार आरोपियों की तलाश में पंजाब पुलिस की टीम मंगलवार को जमशेदपुर पहुंची और स्थानीय सिदगोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से शहर के कई इलाकों में छापेमारी की।
पुलिस टीम ने दस नंबर बस्ती, सुखिया रोड, विजयनगर समेत कई संभावित ठिकानों पर पहुंचकर आरोपियों से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया। इस मामले में टिनप्लेट गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान तरसेम सिंह और उनके भतीजे हरजोत सिंह की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस सिदगोड़ा क्षेत्र में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, टीम ने सुखिया रोड स्थित एक आवास और विजयनगर इलाके में संचालित एक मेडिकल दुकान समेत अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच की। छापेमारी का मुख्य उद्देश्य गुरदासपुर डबल मर्डर केस में फरार चल रहे आरोपियों के संभावित ठिकानों का पता लगाना और उनके संपर्कों से संबंधित जानकारी जुटाना था।
संपत्ति विवाद में दंपती की हुई थी हत्या
मामला गुरदासपुर जिले के काहनूवान थाना क्षेत्र के नैनेकोट गांव का है। यहां 12 मई 2026 को संपत्ति विवाद को लेकर अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि परिवार के सदस्यों के बीच पैतृक जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया।
हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने चार लोगों को आरोपी बनाया। इनमें अमरजीत सिंह उर्फ अंबे, मनप्रीत कौर, तरसेम सिंह और हरजोत सिंह के नाम शामिल हैं।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो अब भी फरार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमरजीत सिंह और मनप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वहीं, मामले में आरोपी तरसेम सिंह और हरजोत सिंह अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।
पंजाब पुलिस को जांच के दौरान ऐसे इनपुट मिले कि फरार आरोपियों के कुछ संपर्क जमशेदपुर से जुड़े हो सकते हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम शहर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
कई इलाकों में पुलिस ने जुटाई जानकारी
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दस नंबर बस्ती के अलावा सुखिया रोड और विजयनगर क्षेत्र में भी जांच-पड़ताल की। पुलिस ने उन लोगों और स्थानों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, जिनका संबंध फरार आरोपियों से होने की आशंका है।
सूत्रों के अनुसार, फरार आरोपी तरसेम सिंह का सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों से भी जुड़ाव रहा है। ऐसे में पुलिस उसके संभावित संपर्कों और आवाजाही से जुड़ी जानकारी भी खंगाल रही है।
गिरफ्तारी नहीं, लेकिन अहम सुराग मिलने का दावा
जमशेदपुर में हुई छापेमारी के दौरान फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच टीम को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सूचनाओं के आधार पर पंजाब पुलिस फरार आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
डबल मर्डर केस में फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस अलग-अलग राज्यों में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।