जमशेदपुर: साकची स्थित बंगाल क्लब में कोलकाता की महिला उद्यमियों की संस्था एनिग्मा की ओर से चार दिवसीय प्री-पूजा प्रदर्शनी की शुरुआत शनिवार को हुई। प्रदर्शनी का आयोजन 5 सितंबर से 8 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक किया जा रहा है। इसका उद्घाटन समाजसेवी पूर्वी घोष ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन के अवसर पर पूर्वी घोष ने महिलाओं को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के लिए एनिग्मा की पहल की सराहना की।
उन्होंने जमशेदपुर की महिलाओं और शहरवासियों से प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
एनिग्मा की प्रमुख एलिट्रा सिन्हा मुखर्जी ने बताया कि जमशेदपुर में संस्था की ओर से यह प्रदर्शनी 16वीं बार आयोजित की जा रही है। बंगाल क्लब के प्रथम तल पर आयोजित इस महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद, हुनर और रचनात्मकता को ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि एनिग्मा का उद्देश्य महिलाओं को व्यवसाय के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रदर्शनी में कोलकाता के कुशल कारीगरों और महिला उद्यमियों द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है।
प्रदर्शनी में साड़ियां, कुर्तियां, आभूषण, लेडीज कलेक्शन और मेंस कलेक्शन के साथ हस्तशिल्प एवं घरेलू उपयोग के उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। आयोजन में कोलकाता की महिलाओं द्वारा संचालित 30 से अधिक स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार, ग्राहकों के लिए प्रदर्शनी में विशेष छूट और आकर्षक ऑफर्स भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे पूजा की खरीदारी के लिए शहरवासियों को विभिन्न प्रकार के उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रहे हैं।
प्रदर्शनी के जरिए महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ कोलकाता के कारीगरों और हस्तशिल्प की कला को भी जमशेदपुर के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।