मनोहरपुर: सरायकेला खरसावां जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों की मांग पूरी होने पर शनिवार को स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। ट्रेन के पहली बार मनोहरपुर में रुकने पर स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया।
ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पहुंचने पर सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के प्रतिनिधि जेबी तुबिद, चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत जनप्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने ट्रेन का स्वागत किया। इसके बाद सांसद, विधायक और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के गंतव्य के लिए रवाना किया।
लंबे संघर्ष के बाद पूरी हुई रेल यात्रियों की मांग
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस का ठहराव क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह दिन मनोहरपुर और आसपास के लोगों के लिए ऐतिहासिक है।
सांसद ने कहा कि सिंहभूम संसदीय क्षेत्र में जहां भी रेल सुविधाओं की जरूरत है, वहां यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने मनोहरपुर रेलवे फाटक पर आए दिन लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के लिए रेलवे फाटक पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण जरूरी है और इसके लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
सारंडा सवारी ट्रेन के नियमित परिचालन की मांग
विधायक जगत माझी ने कहा कि कोविड-19 से पहले मनोहरपुर क्षेत्र में रेल परिचालन और यात्री सुविधाओं की जो स्थिति थी, उसे बहाल कराने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने रेल अधिकारियों से क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली सारंडा सवारी गाड़ी का नियमित परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि बीच-बीच में सारंडा सवारी ट्रेन का परिचालन बंद होने से गरीब और मध्यमवर्गीय यात्रियों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों में रेल सुविधाओं के और विस्तार की भी मांग रखी।
अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की उम्मीद
भाजपा नेता जेबी तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर अन्य महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का भी ठहराव मिल सकता है।
एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर स्टेशन पर मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के पहुंचते ही लोगों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। स्थानीय लोगों ने ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सांसद, विधायक और रेल प्रशासन के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, बड़कुंवर गागराई, जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, डीएसपी डेविड ए. दोदराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, बंधना उरांव, अशोक बांदा, विजय सिंह गागराई समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।