September 6, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
झारखंड

पलामू में जन्माष्टमी जुलूस के बाद 25 वर्षीय युवक का कुएं में मिला शव, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

पलामू में जन्माष्टमी जुलूस के बाद 25 वर्षीय युवक का कुएं में मिला शव, हत्या या हादसा जांच में जुटी पुलिस

पलामू। तरहसी थाना क्षेत्र के छेचानी गांव में जन्माष्टमी जुलूस में शामिल होने गए 25 वर्षीय युवक चंदन कुमार साव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शनिवार देर रात उसका शव जुलूस के रास्ते के पास स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच हत्या और हादसा, दोनों पहलुओं से कर रही है।

मृतक की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के टरिया पंचायत के भालोगाड़ी गांव निवासी चंदन कुमार साव के रूप में हुई है। वह श्यामबिहारी साव का पुत्र था और महाराष्ट्र में पोकलेन मशीन चलाने का काम करता था। बताया गया कि चंदन शनिवार सुबह ही महाराष्ट्र से अपने घर लौटा था। शाम को दोस्तों के बुलाने पर वह छेचानी गांव में जन्माष्टमी के मौके पर निकाले गए जुलूस में शामिल होने गया था।

जुलूस के बाद घर नहीं लौटा चंदन

छेचानी गांव चंदन के घर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर है। जुलूस समाप्त होने के बाद जब वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान परिवार को चंदन के कुछ दोस्तों के साथ विवाद और मारपीट होने की जानकारी मिली।

परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाद के बाद चंदन के साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या कर शव को कुएं में डाल दिया गया। परिवार के अनुसार, दोस्तों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर जुलूस के रास्ते से सटे कुएं की तलाशी ली गई, जहां चंदन का शव मिला। इसके बाद रस्सी की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया।

साउंड बॉक्स को लेकर विवाद की बात

परिजनों के मुताबिक, शुरुआती विवाद साउंड बॉक्स को लेकर हुआ था। आरोप है कि चंदन साउंड बॉक्स को मुक्के से मार रहा था, जिसको लेकर उसके दोस्तों से कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद तरहसी थाना से पुलिस अवर निरीक्षक अनंत सिंह, सहायक अवर निरीक्षक महताब आलम और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि मामले में कुछ युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि चंदन की मौत कुएं में दुर्घटनावश गिरने से हुई या उसके साथ मारपीट करने के बाद शव को कुएं में फेंका गया।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

  • टाउन पोस्ट एक स्वतंत्र और विश्वसनीय समाचार पोर्टल है, जो पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा खबरें पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

न्यूज़लेटर

हर सुबह की बड़ी खबरें, सीधे आपके इनबॉक्स में

टाउन पोस्ट का न्यूज़लेटर सब्सक्राइब करें — कोई स्पैम नहीं, बस ज़रूरी खबरें।

हम आपकी जानकारी को सुरक्षित रखते हैं। कभी भी अनसब्सक्राइब करें।

धन्यवाद! कृपया सब्सक्रिप्शन की पुष्टि के लिए अपना ईमेल जांचें।

हमें फॉलो करें

ताज़ा खबरों और अपडेट के लिए हमें सोशल मीडिया पर फॉलो करें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading