जमशेदपुर। जमशेदपुर में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने संगठनात्मक प्रवास के दौरान महिला कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कोल्हान की महिला कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रियता की सराहना करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
उनके आगमन पर जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पहार पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा में दो बार महामंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष के मौजूदा कार्यकाल में जमशेदपुर का प्रवास उनके लिए विशेष महत्व रखता है।
उन्होंने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ संवाद जरूरी है।
उन्होंने कोल्हान क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं के समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं की संगठन के प्रति निष्ठा और प्रतिबद्धता हमेशा मजबूत रही है। महिला कार्यकर्ताओं को जुझारू बताते हुए उन्होंने कहा कि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पूरी शक्ति, ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर महानगर से महिला मोर्चा की संगठनात्मक शक्ति को और मजबूती मिलेगी तथा इसकी सक्रियता आने वाले समय में और प्रभावी रूप से सामने आएगी।
डॉ. सीमा सिंह ने अपने संगठनात्मक प्रवास के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का स्नेह और वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन उनके लिए बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने अनुभवों को साझा करते हुए सामूहिक प्रयास से संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने की दिशा में काम करेंगे।
कार्यक्रम में जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा की विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।