*बर्खास्तगी के साथ रेलवे कर्मचारी को नहीं मिलेगा पेंशन का लाभ
चक्रधरपुर : राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में महिला रेल यात्री से दुष्कर्म के आरोप में चक्रधरपुर रेल मंडल ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे ने आरोपी रेलकर्मी कपिलेश्वर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय कार्रवाई के तहत की गई इस बर्खास्तगी के बाद आरोपी को पेंशन का लाभ भी नहीं मिलेगा।
चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने आरोपी रेलकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रेलकर्मी पर गंभीर आरोप लगे हैं और मामले में जीआरपी पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। रेलवे ने घटना की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर भी कठोर कार्रवाई की है।

जीआरपी जांच में रेलवे दे रहा सहयोग
रेल मंडल की ओर से बताया गया कि मामले से संबंधित जरूरी साक्ष्य और आरोपी रेलकर्मी से जुड़े दस्तावेज जांच एजेंसी को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रेलवे का उद्देश्य जांच एजेंसी और न्यायिक प्रक्रिया को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि मामले की जांच में किसी तरह की बाधा न आए।
कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देने का आरोप
जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त को राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में महिला यात्री से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। आरोप है कि कपिलेश्वर सिंह ने महिला को कन्फर्म रेल टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद वह महिला को अपने कार्यालय परिसर में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
घटना की जानकारी सामने आने के बाद रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे थे। मामले में जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रेलकर्मी को गिरफ्तार किया था।
महिला यात्रियों की सुरक्षा पर रेलवे का जोर
सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी के अनुसार, भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए रेलवे की ओर से आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही या गंभीर आरोपों का सामना करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी रेलकर्मी की बर्खास्तगी को रेलवे की ओर से कड़ा संदेश माना जा रहा है। विभागीय कार्रवाई से यह संकेत मिला है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में अनुशासन से जुड़े मामलों में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ रेलवे सख्त रुख अपनाएगा।