चतरा : झारखंड के चतरा जिले में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल परिसर में अचानक आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय छात्र अनीश उरांव की मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर से लेकर सदर अस्पताल तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक छात्र की पहचान उत्क्रमित मध्य विद्यालय (UMS) डाढ़ा की कक्षा सातवीं के छात्र अनीश उरांव के रूप में हुई है। वह बीरबल उरांव का पुत्र था। अनीश मूल रूप से रांची के बूटी मोड़ स्थित खेलगांव के बाकीम टोली का रहने वाला था। वह चतरा में अपने नाना बंधन उरांव के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था।
खेल दिवस के कार्यक्रम के दौरान बिगड़ा मौसम
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान अचानक मौसम में बदलाव आया और आसमान में बादल छा गए। कार्यक्रम के बीच ही अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में अनीश उरांव आ गया।
वज्रपात की घटना के बाद स्कूल परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में छात्र को तत्काल चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित किया
अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने छात्र की जांच की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने अनीश को मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
अनीश की अचानक हुई मौत से स्कूल के शिक्षक, छात्र और स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रम के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।