रांची/ जमशेदपुर : विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रांची के मोरहाबादी मैदान में 9 और 10 अगस्त को झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है।
महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। खासकर 9 अगस्त को निकलने वाली भव्य जतरा को लेकर कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
महोत्सव में आदिवासी संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। यहां जतरा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक जनजातीय खान-पान, कला एवं शिल्प प्रदर्शनी, आदिवासी पुस्तक मेला, 5डी इमर्सिव जोन, ड्रोन शो, वृत्तचित्र, फिल्म महोत्सव और परिधान फैशन शो आकर्षण का केंद्र होंगे।
निकलेगी भव्य जतरा
झारखंड आदिवासी महोत्सव के तहत 9 अगस्त को भव्य जतरा निकाली जाएगी। जतरा जेल चौक से शुरू होकर करमटोली चौक, एसएसपी आवास मोड़ और गुटका चौक होते हुए बापू वाटिका, मोरहाबादी तक पहुंचेगी।
जतरा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संबंधित मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के अनुसार, इस अवधि में जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका मोरहाबादी तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
इन मार्गों से होकर जाएंगे वाहन
ट्रैफिक पुलिस ने शहर में आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग व्यवस्था भी तय की है। खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान, मोरहाबादी में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
शहर के अंदरूनी इलाकों से आने वाले वाहन न्यू मार्केट चौक, हॉटलिप्स चौक, राम मंदिर चौक, एसएलपी आवास चौक, एटीआई मोड़ और सिद्धो-कान्हू मोड़ होते हुए निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।
सुरक्षा के लिए पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात
महोत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने अधिकारियों को सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और प्रवेश द्वारों पर सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
महोत्सव स्थल और आसपास के इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तथा मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों को स्टॉल की सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था की जांच और आपातकालीन निकास मार्गों को हर समय खाली रखने का भी निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए महोत्सव की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी।
आदिवासी जीवन पर आधारित फिल्मों की होगी स्क्रीनिंग
महोत्सव के अमर शहीद चांद-भैरव मुर्मू मंडप में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से विशेष फिल्म स्क्रीनिंग का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान आदिवासी जीवन, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी शॉर्ट फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इसके अलावा पैनल डिस्कशन और फिल्म मेकिंग पर मास्टर क्लास भी आयोजित की जाएगी। इसमें फिल्म इंडस्ट्री के विशेषज्ञ युवाओं और दर्शकों से संवाद करेंगे तथा फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।
सिदगोड़ा टाउन हॉल में आज जिला स्तरीय कार्यक्रम
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल में रविवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के तहत परिसंपत्तियों का वितरण किया जाएगा।
इसके साथ ही प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झारखंडी लोक नृत्य और नाटक मंचन समेत कई कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम के जरिए आदिवासी संस्कृति, कला और परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा।