जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की 70वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
गुरुवार को निर्मल महतो क्रिकेट स्टेडियम परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। मौके पर परिवार के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय सुधीर महतो की धर्मपत्नी एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो सहित परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद झामुमो के विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि सुधीर महतो ने झारखंड आंदोलन से लेकर राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को आज भी लोग सम्मान के साथ याद करते हैं।
इस अवसर पर उनकी पुत्री स्नेहा महतो ने भावुक होकर कहा कि उनके पिता ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का सपना देखा था।
आज निर्मल महतो क्रिकेट स्टेडियम उसी सपने का साकार रूप है। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम से प्रशिक्षण प्राप्त कर कई खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं तथा जमशेदपुर और झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
स्नेहा महतो ने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां प्रशिक्षण लेने वाली कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी झारखंड की टीम में स्थान बनाने में सफल हुई हैं। यह उनके पिता की दूरदृष्टि और खेलों के प्रति समर्पण का परिणाम है।
कार्यक्रम में झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय सुधीर महतो के आदर्शों पर चलने और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प भी लिया।
