नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की ओर से जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखे जाने पर जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव कभी-कभी अपने गृह राज्य में दिखाई देते हैं और सिर्फ बयानों के लिए जाने जाते हैं, जबकि बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है।
तेजस्वी यादव लगातार बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में कथित भ्रष्टाचार और बाढ़ को लेकर सरकार की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते रहे हैं।
आईएएनएस से बातचीत में जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन ने कहा कि तेजस्वी यादव ताबड़तोड़ बयानबाजी के लिए ही जाने जाते हैं। जमीनी स्तर पर उन्हें बिहार में देख पाना मुश्किल है। जब भी बिहार को जरूरत होती है, चाहे बाढ़ का समय हो, सूखे का समय हो या विधानमंडल का सत्र चल रहा हो, तेजस्वी कभी भी अपने गृह राज्य में दिखाई नहीं देते। बिहार शानदार तरीके से आगे बढ़ रहा है। 20 साल में नीतीश कुमार ने जो काम किया है, उसे सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं। राजद की दाल यहां गलने वाली नहीं है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बयान पर राजीव रंजन ने कहा कि भारत के युवाओं को यह पता है कि 2047 के विकसित भारत के निर्माण में जेनजी, जेन-अल्फा और मिलेनियल पीढ़ी की भूमिका बेहद अहम होने वाली है। भारत एक सुविचारित दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में छात्रों के मन की वेदना को राहुल गांधी राजनीतिक नजरिए से देखते हैं। उन्हें झारखंड के छात्रों का दर्द समझ में नहीं आता। पंजाब के छात्र अगर परेशान हैं, तो वे उनकी प्राथमिकता सूची में नहीं हैं। विभाजित गूंज के जरिए बहुत बड़े बदलाव की कल्पना नहीं की जा सकती। इस तरह की रणनीति पर काम करने की वजह से वे बतौर नेता प्रतिपक्ष अपनी प्रासंगिकता खोते जा रहे हैं।
दिल्ली के सत्य निकेतन की घटना के बाद पीजी को लेकर गाइडलाइंस बनाए जाने पर राजीव रंजन ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना थी। जो दृश्य सामने आए, वे निस्संदेह चिंताजनक थे। इस घटना के बाद दिल्ली सरकार ने बड़े फैसले लिए हैं और कई अधिकारियों को निलंबित किया गया है। पीजी को लेकर गाइडलाइंस समय की मांग है। पीजी में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा के लिए दिल्ली सरकार ने जो भी प्रयास किए हैं, उन्हें अंजाम तक पहुंचाया जाना चाहिए।
–आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम