खड़गपुर। पश्चिम बंगाल के खड़गपुर स्थित झपेटापुर वार्ड-28 स्थित प्रगति आई.सी.जे.सी.के. के प्रगति लिटरेसी सेंटर की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया गया।
समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षक मदन घोष महाशय, मोहिनी मोहन मैती, निर्मल मुखर्जी, कार्तिक पांडा, सिद्धांत मिश्रम, सारथी राय, शिखा बाग, शिवानी मुखर्जी, नरेश राय, बिपुल दास, शुभेंदु मुखर्जी, शशिकांत पांडेय और देवतोष मन्ना समेत अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक किसी भी समाज की मजबूत नींव तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उनका दायित्व केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और भविष्य को सही दिशा प्रदान करना भी है।
शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी जीवन में आगे बढ़ने के साथ समाज और देश के विकास में भी योगदान देते हैं। ऐसे में शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
समारोह के दौरान ‘गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरः, गुरु साक्षात् परब्रह्म, तस्मै श्री गुरवे नमः’ मंत्र का उच्चारण कर गुरु की महत्ता का स्मरण किया गया। उपस्थित लोगों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उनके लंबे शैक्षणिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में शिक्षक भी मौजूद रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी में शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना विकसित करना रहा।