गम्हरिया : पावन श्रावण मास के अवसर पर सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित सनराइज एनक्लेव परिवार की ओर से रुद्राभिषेक महायज्ञ का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। अनुष्ठान की शुरुआत पांच पवित्र नदियों के जल से गौरी-गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
पूजा-अर्चना के बाद भगवान शिव का रुद्राभिषेक महायज्ञ शुरू हुआ। इसमें गम्हरिया और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा।
महायज्ञ के समापन के बाद दोपहर में महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद शाम को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में समाजसेवी सूरज भदानी, सतीश कुमार चतुर्वेदी, विकास बनर्जी, मीरा तिवारी, सोमेन चक्रवर्ती, तपन उपाध्याय, दिवाकर मिश्रा, श्रीप्रकाश भुवना समेत अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।