गम्हरिया : चौरसिया परिवार गम्हरिया की ओर से रविवार को जगन्नाथपुर के पूंजीडूंगरी स्थित नाग देवता सह गर्भु बाबा मंदिर परिसर में नाग पंचमी महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। महोत्सव में चौरसिया समाज के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चौरसिया परिवार गम्हरिया के अध्यक्ष कैलाश चौरसिया ने की। समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाज के संरक्षक सुरेश चौरसिया, विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र प्रसाद और जमशेदपुर चौरसिया परिवार के अध्यक्ष नरेश मंडल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मौके पर अतिथियों ने कहा कि नाग देवता चौरसिया परिवार के इष्ट देवता हैं। परिवार की ओर से हर वर्ष नाग पंचमी के अवसर पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नाग देवता की पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने समाज की एकजुटता और विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें बच्चों और समाज के अन्य सदस्यों ने विभिन्न प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चौरसिया परिवार गम्हरिया की कार्यकारिणी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महामंत्री राम विलास प्रसाद, मदन कुमार मोदी, कोषाध्यक्ष अभेन्द्र कुमार, प्रदीप कुमार, भवेश कुमार, कृष्णानंद देव, विजयलक्ष्मी मंडल, दिनेश प्रसाद, कुमुद भक्त समेत अन्य सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई।