चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने उपायुक्त मनीष कुमार के नाम से सोशल मीडिया पर बनाई गई फर्जी फेसबुक प्रोफाइल को लेकर आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उपायुक्त की आधिकारिक तस्वीर का दुरुपयोग कर फेक अकाउंट बनाया है, जिसके माध्यम से लोगों को भ्रमित करने और साइबर ठगी जैसी गतिविधियों को अंजाम देने की आशंका है।
साइबर सेल को सौंपी गई जांच
जिला प्रशासन के अनुसार, फर्जी फेसबुक प्रोफाइल के जरिए भ्रामक संदेश भेजे जाने और गलत गतिविधियों के संचालन की संभावना सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। साथ ही, फर्जी प्रोफाइल बनाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फर्जी मैसेज और फ्रेंड रिक्वेस्ट से रहें सावधान
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी फर्जी फेसबुक अकाउंट, संदिग्ध मैसेज या फ्रेंड रिक्वेस्ट पर भरोसा न करें। यदि इस प्रोफाइल से किसी प्रकार की आर्थिक सहायता, पैसों की मांग या अन्य कोई सूचना भेजी जाती है, तो उसे पूरी तरह नजरअंदाज करें। साथ ही, अपनी निजी, बैंकिंग या अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
संदिग्ध गतिविधि की तुरंत दें सूचना
जिला प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी को इस फर्जी प्रोफाइल या किसी अन्य साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर क्राइम सेल को दें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उपायुक्त मनीष कुमार का सोशल मीडिया पर कोई दूसरा आधिकारिक अकाउंट नहीं है। किसी भी सरकारी सूचना के लिए केवल जिला प्रशासन के अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।