जमशेदपुर : जमशेदपुर में आजसू पार्टी ने 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले दो बड़े प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। रविवार को हुई जिला समिति की बैठक में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और दोनों आयोजनों को ऐतिहासिक बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में आगामी 7 और 8 अगस्त को जमशेदपुर में होने वाले पार्टी के दो महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की गई और उन्हें सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में बताया गया कि 7 अगस्त को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित होगा, जबकि 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर कदमा गणेश पूजा मैदान में विशाल सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
इन दोनों कार्यक्रमों में पूरे झारखंड से हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, युवा और समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
पार्टी नेताओं के अनुसार दोनों आयोजनों में आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो के अलावा सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, प्रधान महासचिव तथा पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
सम्मेलन के दौरान संगठन विस्तार, राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर आगे की रणनीति और झारखंड के विकास व जनहित से जुड़े विषयों पर आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।
साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े कई युवाओं के आजसू में शामिल होने की भी संभावना जताई गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र साहिश ने कहा कि झारखंड आज रोजगार, किसानों के अधिकार और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आजसू इन मुद्दों पर लगातार जनता की आवाज बुलंद कर रही है और 7-8 अगस्त के सम्मेलन केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं बल्कि झारखंड के स्वाभिमान, अधिकार और परिवर्तन का संदेश देने वाले आयोजन होंगे।
पार्टी के केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि निर्मल महतो का बलिदान झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आजसू उनके सपनों के अनुरूप राज्य निर्माण के लिए संघर्षरत है और आगामी सम्मेलन में हजारों कार्यकर्ता राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसंघर्ष को और तेज करने का संकल्प लेंगे।
बैठक में उपस्थित अन्य नेताओं ने प्रदेशभर के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और झारखंडवासियों से दोनों आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
साथ ही कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक तैयारियों, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।