July 24, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

जमशेदपुर में 25 से अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक, देशभर से 160 से अधिक पदाधिकारी होंगे शामिल

जमशेदपुर में 25 से अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक, देशभर से 160 से अधिक पदाधिकारी होंगे शामिल

जमशेदपुर: अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के सत्र 2026-31 की प्रथम राष्ट्रीय प्रबंध कार्यसमिति एवं राष्ट्रीय कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठकें 25 से 27 जुलाई तक बिष्टुपुर स्थित होटल रमाडा में आयोजित होंगी।

इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन कर रहा है। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 160 राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं संगठनात्मक पदाधिकारी भाग लेने के लिए जमशेदपुर पहुंचेंगे।

उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित कई राज्यों के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि संगठन के भविष्य की रणनीति और सेवा कार्यों पर मंथन करेंगे।

51 वर्षों के इतिहास में पहली बार झारखंड से राष्ट्रीय अध्यक्ष

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ने अपने 51 वर्ष पूरे कर लिए हैं। संगठन के इतिहास में पहली बार झारखंड से राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन हुआ है। रांची निवासी बसंत कुमार मित्तल वर्तमान में राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वहीं गोविंदपुर निवासी नंदलाल अग्रवाल युवा सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा राउरकेला की वंदना टिबड़ेवाल महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व कर रही हैं।

देश के प्रमुख उद्योगपति भी होंगे शामिल

राष्ट्रीय बैठक में सम्मेलन के भामाशाह ट्रस्टी एवं देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति भी विशेष रूप से शामिल होंगे। इनमें दिल्ली के विनीत गुप्ता ‘लोहिया’, नंद किशोर अग्रवाल, रामप्रकाश गर्ग तथा रांची के विष्णु अग्रवाल प्रमुख हैं।

राष्ट्रीय नेतृत्व की रहेगी मजबूत मौजूदगी

बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल (दिल्ली), विनोद अग्रवाल (सूरत), राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थू राम जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल (मुंबई), पूरणमल अग्रवाल (ओडिशा), कुलभूषण गोयल (हरियाणा) सहित राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, उप महामंत्री, संगठन मंत्री, सलाहकार और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भाग लेंगे। जमशेदपुर के ओम प्रकाश रिंगसिया सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

युवा और महिला सम्मेलन की सक्रिय भागीदारी

युवा सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदलाल अग्रवाल के नेतृत्व में विभिन्न राज्यों के युवा पदाधिकारी राष्ट्रीय बैठक में शामिल होंगे। वहीं महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबड़ेवाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय एवं प्रांतीय महिला पदाधिकारी भी संगठनात्मक गतिविधियों और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर अपनी भागीदारी निभाएंगी।

तीन दिनों तक होंगे विविध कार्यक्रम

25 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रसाद के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद राष्ट्रीय प्रबंध कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। शाम को नव-मनोनीत राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जबकि रात्रि में गजल संध्या एवं स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

26 जुलाई की सुबह श्री टाटानगर गौशाला स्थित श्री अग्रसेन ज्ञान मंदिर में माल्यार्पण एवं तुलादान कार्यक्रम आयोजित होगा।

27 जुलाई को राष्ट्रीय कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी, जिसमें संगठन विस्तार, सेवा परियोजनाओं, सामाजिक सरोकार, युवा एवं महिला इकाइयों की भूमिका तथा आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा कर भविष्य की कार्ययोजना तय की जाएगी।

स्वागत एवं आयोजन की व्यापक तैयारियां

राष्ट्रीय आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। अतिथियों के स्वागत, आवास, परिवहन, पंजीकरण, मीडिया समन्वय, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फोटोग्राफी, प्रचार-प्रसार और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग पदाधिकारियों को सौंपी गई है।

संपूर्ण आयोजन विजय मित्तल, संतोष खेतान और संजय पलसानिया के मार्गदर्शन में होगा। प्रदेश अध्यक्ष संदीप मुरारका तथा प्रदेश महामंत्री एवं वर्तमान जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ आयोजन के मुख्य समन्वयक की भूमिका निभाएंगे।

संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा आयोजन

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का यह राष्ट्रीय अधिवेशन संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में संगठन की भावी रणनीति, सेवा गतिविधियों के विस्तार, युवा एवं महिला प्रकोष्ठों की भूमिका को मजबूत करने तथा आगामी राष्ट्रीय कार्यक्रमों को लेकर कई अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading