जमशेदपुर : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की उपस्थिति में सिविल सर्जन कार्यालय और हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन के बीच पूर्वी सिंहभूम जिले के बेलाजुड़ी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन के उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस पहल के तहत पीएचसी भवन के प्रथम तल पर वृद्धजनों के लिए विशेष जेरियाट्रिक केयर सेंटर की स्थापना और संचालन किया जाएगा।
समझौते के अनुसार, पीएचसी भवन का भूतल पूर्व की तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में संचालित होता रहेगा, जबकि प्रथम तल को हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन वृद्धजनों की देखभाल, पुनर्वास और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए समर्पित जेरियाट्रिक केयर सेंटर के रूप में विकसित करेगा।
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य उपलब्ध सरकारी अवसंरचना का प्रभावी उपयोग करते हुए जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य एवं देखभाल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। केंद्र के शुरू होने से बुजुर्गों को एक व्यवस्थित, सुरक्षित और समर्पित देखभाल केंद्र का लाभ मिलेगा, जहां उनकी विशेष जरूरतों के अनुरूप सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
यह पूरी तरह गैर-वित्तीय (नॉन-फाइनेंशियल) समझौता है। जेरियाट्रिक केयर सेंटर के संचालन, रखरखाव और अन्य आवश्यक खर्चों का वहन हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। एमओयू के प्रावधानों के अनुसार भवन हस्तांतरण की तिथि से नौ माह के भीतर केंद्र को पूर्ण रूप से संचालित करना अनिवार्य होगा।
समझौता प्रारंभिक रूप से तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से इसे आगे भी बढ़ाया जा सकेगा। प्रशासन की इस पहल को जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य और देखभाल सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
