जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर शहर के बिष्टुपुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के समीप रविवार दोपहर एक अधेड़ व्यक्ति की गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान संतोष उर्फ राजू पगला के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार संतोष बिष्टुपुर इलाके में कूड़ा चुनकर अपना जीवनयापन करता था और लंबे समय से क्षेत्र में रह रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह अचानक सड़क किनारे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया।
पुलिस मृतक के परिजनों और उसके मूल निवास का पता लगाने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संतोष अक्सर बिष्टुपुर क्षेत्र में दिखाई देता था, लेकिन वह मूल रूप से कहां का रहने वाला था, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
