August 10, 2026
टाउन पोस्ट
सच्ची खबर, सही समय पर
जमशेदपुर

बहरागोड़ा के श्रमिक गोविंद मुंडा की विशाखापट्टनम में मौत, CM के निर्देश पर पार्थिव शरीर लाने की पहल

बहरागोड़ा के श्रमिक गोविंद मुंडा की विशाखापट्टनम में मौत, CM के निर्देश पर पार्थिव शरीर लाने की पहल

जमशेदपुर : बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल थाना क्षेत्र स्थित लोधनवोनी गांव के 27 वर्षीय श्रमिक गोविंद मुंडा का आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में आकस्मिक निधन हो गया। गोविंद अपने भाइयों के साथ रोज़गार की तलाश में वहां मजदूरी करने गया था।

जानकारी के अनुसार, काम के दौरान ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद परिजन उसे घर लाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच उसकी स्थिति फिर से खराब हो गई और उसने दम तोड़ दिया।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सामने सबसे बड़ी समस्या शव को गांव तक लाने की थी। परिजनों की इस पीड़ा को देखते हुए पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लिया और राज्य के माइग्रेंट सेल को निर्देश दिया कि पार्थिव शरीर को ससम्मान उसके पैतृक गांव तक पहुंचाया जाए, साथ ही परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

घटना के बाद लोधनवोनी गांव में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि वे इस कठिन समय में संभल सकें।

Feel like reacting? Express your views here!

Discover more from Town Post

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading