जमशेदपुर : हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर (एचएसजे) की 10वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) रविवार को बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआई ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। बैठक में सोसाइटी की सालभर की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति और आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान उपनियमों एवं नियमावली में प्रस्तावित महत्वपूर्ण संशोधनों को भी आम सभा ने मंजूरी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी पॉज के साथ हुई। इसके बाद सोसाइटी की अध्यक्ष सुमिता नूपुर ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी की गतिविधियों में टाटा स्टील और टाटा स्टील यूआईएसएल के निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया।
उन्होंने वर्षभर आयोजित कार्यक्रमों और सोसाइटी की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए आगामी फ्लावर शो तथा गार्डन ऑफ द ईयर प्रतियोगिता की तैयारियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की।

सोसाइटी के संयुक्त सचिव कृष्णेंदु शॉ ने सचिवीय प्रतिवेदन पेश किया। वहीं, कोषाध्यक्ष बिपिन कुमार ने वित्तीय वर्ष का कोषाध्यक्ष प्रतिवेदन और लेखा परीक्षित वित्तीय विवरण आम सभा के समक्ष रखा। दोनों प्रतिवेदनों को सदस्यों ने मंजूरी प्रदान की।
बैठक के संवादात्मक सत्र में सदस्यों ने सोसाइटी की वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर अपने सुझाव दिए। सदस्यों की सहभागिता बढ़ाने, बागवानी को प्रोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर एचएसजे की चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन ने कार्यकारिणी समिति, सदस्यों, स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बागवानी को बढ़ावा देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना सोसाइटी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उपनियमों में संशोधन को मिली मंजूरी
एजीएम में सोसाइटी के उपनियमों एवं नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव प्रमुख एजेंडा रहा। आम सभा ने प्रस्ताव पारित कर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक को हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर का पदेन चेयरपर्सन बनाए जाने को मंजूरी दी।
इसके साथ ही चेयरपर्सन द्वारा टाटा स्टील लिमिटेड या टाटा स्टील यूआईएसएल से नामित व्यक्ति को पदेन अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रावधान भी स्वीकृत किया गया।
संशोधनों को मंजूरी मिलने के बाद टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर ने 6 सितंबर 2026 से हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर के पदेन चेयरपर्सन का दायित्व संभाल लिया। वहीं, चित्रा शर्मा को पदेन अध्यक्ष नामित किया गया। उन्होंने सुमिता नूपुर का स्थान लिया।