जमशेदपुर: नशे के कारोबारी पिछले कई माह से मानगो क्षेत्र को निशाना बना रहे हैं। पिछले दिनों मानगो इलाके से ही गांजा बरामद की गई थी। कपाली से नकली सिगरेट बरामद किया गया था।
अब ओलीडीह ओपी पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है, जिसे 36 छोटी पुड़ियों में पैक किया गया था। मौके से एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार 9 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र के वसुंधरा स्टेट मैदान के आसपास स्थित एक जर्जर मकान में ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद वसुंधरा स्टेट के पास स्थित जर्जर मकान में छापेमारी की। पुलिस ने वहां एक युवक को कथित रूप से ब्राउन शुगर बेचते हुए पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से कागज की छोटी-छोटी पुड़ियों में रखा 2.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ को कुल 36 पुड़ियों में रखा गया था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी सुजल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह राहुल कुमार साहू के कहने पर उक्त स्थान पर ब्राउन शुगर बेच रहा था। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में राहुल कुमार साहू को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बिक्री के लिए ब्राउन शुगर राहुल ने ही सुजल को उपलब्ध कराया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुजल कुमार, पिता राजन प्रसाद, निवासी ओल्ड सुभाष कॉलोनी, ओलीडीह ओपी क्षेत्र और राहुल कुमार साहू, पिता स्व. सुरेश साहू, निवासी रिपीट कॉलोनी, वसुंधरा स्टेट, शिव मंदिर के पास, ओलीडीह ओपी क्षेत्र के रूप में हुई है।
मामले में ओलीडीह ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से होती थी और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है।